सरस्वती शिशु मंदिर, श्यामडीह, कतरास बाजार (झारखंड) के कक्षा दशम की छात्रा एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री अभिमन्यु कुमार तथा श्रीमती मुन्नी देवी की सुपुत्री आराध्या वत्स ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम (YUVIKA-2026) में शानदार सफलता प्राप्त कर विद्यालय, क्षेत्र एवं राज्य का मान बढ़ाया है।
देशभर से चयनित लगभग 300 बाल वैज्ञानिकों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया था, जिनमें से 57 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को ISRO के वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला।
इसी क्रम में हैदराबाद स्थित नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर (NRSC) में आयोजित “Geospatial Challenges” प्रतियोगिता में आराध्या वत्स ने “AI-Enabled Road Extraction from High Resolution Satellite Images” विषय पर उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा सम्मान-पत्र हासिल किया।
आराध्या की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्रीमान प्रदीप खेमका एवं सचिव श्री विक्रम कुमार राजगढ़िया ने प्राचार्य श्री अभिमन्यु कुमार एवं उनकी पुत्री आराध्या वत्स को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई दिशा प्रदान करेगी।
विद्यालय के समस्त आचार्यगण ने आराध्या की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
