सरस्वती शिशु मंदिर, श्यामडीह में आज दिनांक 31 मार्च 2026 को वार्षिक परीक्षाफल समारोह का आयोजन अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर भैया-बहनों की वर्षभर की कठिन मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण का परीक्षाफल घोषित किया गया। लगभग दो हजार भैया/बहनों एवं अभिभावकों से खचाखच भरे प्रांगण में हर्ष, उत्साह एवं गौरव का अद्भुत वातावरण व्याप्त था।
कार्यक्रम के दौरान शिशु, प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक सभी वर्गों के परीक्षाफल क्रमशः घोषित किए गए। भैया/बहनों के उत्कृष्ट एवं सराहनीय प्रदर्शन ने विद्यालय परिवार को गौरवान्वित करते हुए शिक्षा के उच्च मानकों को पुनः स्थापित किया।
प्राथमिक विभाग (एलकेजी) के भैया मुकुल कुमार ने 600 में से 599 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं माध्यमिक विभाग में बहन नियती ठक्कर ने 99.11 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की एवं उच्च माध्यमिक विभाग के भैया मो० आदिल ने 98.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव श्री विक्रम राजगढ़िया, प्रधानाचार्य श्री अभिमन्यु कुमार एवं उप-प्रधानाचार्या श्रीमती श्रेया सरकार द्वारा प्रत्येक कक्षा के चारों वर्गों से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त भैया/बहनों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही, वर्षभर नियमित उपस्थिति रखने वाले भैया/बहनों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समस्त आचार्यगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने भैया/बहनों को उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
समारोह ने न केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाया, बल्कि विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, संस्कारयुक्त शिक्षा एवं समर्पित शिक्षण परंपरा को भी सशक्त रूप से प्रतिबिंबित किया।









