गणित के महान आचार्य श्री संजय कुमार शर्मा का गरिमामय सेवानिवृत्ति समारोह !

गणित के महान आचार्य श्री संजय कुमार शर्मा का गरिमामय सेवानिवृत्ति समारोह !

गणित के साधक, अनुशासन के प्रतीक: श्री संजय कुमार शर्मा आचार्य का गरिमामय सेवानिवृत्ति

सरस्वती शिशु मंदिर श्यामडीह विद्यालय के शैक्षणिक इतिहास में आज का दिन विशेष महत्व रखता है। विद्यालय के वरिष्ठ पीजीटी गणित आचार्य श्री संजय कुमार शर्मा आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को अपनी दीर्घ, निष्ठावान एवं प्रेरणास्पद सेवा के उपरांत सेवानिवृत्त हुए।

12 अप्रैल 1965 को जन्मे श्री शर्मा जी ने वर्ष 2004 से विद्यालय में निरंतर 22 वर्षों तक निष्ठा, समर्पण एवं पूर्ण ईमानदारी के साथ शिक्षण कार्य किया।

श्री शर्मा जी ने गणित शिक्षण को केवल विषय के रूप में नहीं, बल्कि वे अनुशासन, परिश्रम और शैक्षणिक मर्यादा की जीवंत मिसाल रहे। जटिल से जटिल गणितीय सूत्रों को सरल उदाहरणों द्वारा भैया/बहनों के हृदय तक पहुँचाना उनकी विशिष्ट पहचान थी।

उन्होंने हजारों भैया/बहनों को न केवल परीक्षा में सफलता दिलाई, बल्कि जीवन में तार्किक सोच, आत्मविश्वास और सत्यनिष्ठा का पाठ भी पढ़ाया। समयपालन, कर्तव्यनिष्ठा, स्पष्ट विचार और सौम्य व्यवहार ने उन्हें भैया/बहनों के लिए आदर्श तथा सहकर्मियों के लिए मार्गदर्शक बनाया। विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और प्रतिष्ठा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

विदाई समारोह के अवसर पर अपने वक्तव्य में श्री शर्मा जी ने कहा कि ईश्वरीय शक्ति सदा चलायमान है और उसी दिव्य शक्ति से समस्त सृष्टि संचालित होती है। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि यदि मनुष्य उस ईश्वरीय चेतना का स्मरण रखते हुए ईमानदारी, निष्ठा और सत्य के मार्ग पर कार्य करे, तो जीवन और कर्म—दोनों में गलत होने की कोई संभावना नहीं रहती। उनका यह संदेश उपस्थित आचार्यों के लिए प्रेरणा और आत्मचिंतन का विषय बना।

इस अवसर पर आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह में विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें उपहार/भेंट स्मृति प्रदान कर सम्मानित किया गया। आचार्य वक्ताओं ने कहा कि श्री शर्मा जी की सेवानिवृत्ति केवल एक आचार्य की नहीं, बल्कि एक युग की विदाई है। यद्यपि उनका भौतिक सान्निध्य अब प्रतिदिन नहीं रहेगा, किंतु उनके द्वारा स्थापित शिक्षण मूल्य, अनुशासन और नैतिक आदर्श आने वाली पीढ़ियों को निरंतर दिशा देते रहेंगे।

विद्यालय सचिव श्रीमान विक्रम कुमार राजगढ़िया, प्राचार्य श्री अभिमन्यु कुमार, उप प्राचार्य श्रीमती श्रेया सरकार, समस्त आचार्यगण, एवं कर्मचारियों ने समस्तीपुर निवासी इस कर्मयोगी आचार्य के स्वस्थ, सम्मानपूर्ण एवं सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएँ करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी समाज और शिक्षा जगत के लिए प्रकाशस्तंभ बने रहेंगे।

आदरणीय श्री संजय कुमार शर्मा जी के प्रति सम्मान और आभार।