सरस्वती शिशु मंदिर श्यामडीह के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि विद्यालय के भैया-बहनों ने जेईई मेन्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। प्राप्त परिणाम के अनुसार भैया-बहनों की उपलब्धि (Percentile के क्रम में) इस प्रकार है— इमरान हुसैन 97.7 परसेंटाइल, रोशनी 95.9 परसेंटाइल, रितुराज सिंह 94.4 परसेंटाइल, संजना कुमारी 92.9 परसेंटाइल, प्रिया कुमारी 91 परसेंटाइल, आकाश मंडल 87 परसेंटाइल एवं विवेक मंडल 87 परसेंटाइल।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्रीमान प्रदीप खेमका ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यालय की सुदृढ़ शैक्षणिक परंपरा, अनुशासित वातावरण एवं सतत परिश्रम का प्रतिफल है। सचिव विक्रम कुमार राजगढ़िया ने इसे विद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि भविष्य में भी भैया/बहन इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।
विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु कुमार ने सफल भैया-बहनों को शुभाशीष देते हुए कहा कि यह सफलता समर्पित अध्ययन, नियमित अभ्यास एवं सकारात्मक सोच का परिणाम है तथा इसमें अभिभावकों एवं आचार्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उप-प्राचार्या श्रीमती श्रेया सरकार ने भी सभी सफल भैया/बहनों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल भैया-बहनों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।




