सरस्वती शिशु मंदिर, श्यामडीह में भारत का महान गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
सरस्वती शिशु मंदिर, श्यामडीह में 26 जनवरी 2026 को भारतीय लोकतंत्र के 77वें गणतंत्र दिवस को अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बाल कल्याण ट्रस्ट कतरासगढ़ के अध्यक्ष श्रीमान अनिल बंसल जी द्वारा भारत माता का वंदन-पूजन के साथ झंडोत्तोलन एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
इसके उपरांत विद्यालय के छात्रों की घोष वाहिनी ने पदसंचरण करते हुए राष्ट्रीय ध्वज एवं मुख्य अतिथि को सलामी दी। समारोह में भैया-बहनों ने सूर्य नमस्कार, सामूहिक योगासन, देशभक्ति गीत, नृत्य एवं विविध कौशल प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में बच्चों द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तथा राणा प्रताप जी महाराज पर आधारित नृत्यनाटिका की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और राष्ट्रप्रेम व संस्कारों का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में बाल कल्याण ट्रस्ट कतरासगढ़ के अध्यक्ष (मुख्य अतिथि) श्री अनिल बंसल एवं विद्यालय के पदाधिकारी संस्थापक सचिव श्रीमान हरिप्रसाद अग्रवाल, सुनील जैन, पूर्व सचिव श्री राजकुमार चौधरी, श्री सुशील कुमार चौधरी, श्री श्रवण खेतान, श्री सुशील खेतान, श्री राजेन्द्र चौधरी एवं वर्तमान सचिव श्रीमान विक्रम कुमार राजगढ़िया, समाजसेवी श्री प्रकाशराम गुप्ता द्वारा विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सी.ए.आई, आई.टी मेन्स, बी.आई.टी एवं नीट जैसी देश की प्रमुख एवं कठिन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने पर अंगवस्त्र, ज्ञान की देवी माँ सरस्वती की प्रतिमा भेंट एवं गीतासार की पुस्तिका देकर सम्मानित किया गया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्रीमान अनिल बंसल जी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी तथा जन-सहभागिता से सशक्त गणतंत्र के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन जन सैलाब को राष्ट्रभक्ति की भावना एवं गणतंत्र दिवस की शुभकामनाओं के साथ हुआ।





